साइबर ठगी का नया तरीका: फर्जी ई-चालान लिंक से युवक के खाते से 7.42 लाख पार

साइबर ठगी का नया तरीका: फर्जी ई-चालान लिंक से युवक के खाते से 7.42 लाख पार

रायपुर। राजधानी में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए ई-चालान को हथियार बना लिया है। ठग अब लोगों के मोबाइल पर फर्जी ई-चालान मैसेज भेज रहे हैं। इस लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता है और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से रकम गायब कर दी जाती है।

ऐसा ही एक मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक युवक से 7 लाख 42 हजार 209 रुपए की ठगी कर ली गई। मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरडीए कॉलोनी निवासी पवित्र पाल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे रोहित के मोबाइल पर 10 से 16 अप्रैल के बीच आरटीओ ई-चालान के नाम पर एक एपिक (APK) फाइल भेजी गई थी। जैसे ही रोहित ने इस फाइल को डाउनलोड किया, साइबर ठगों को उसके मोबाइल का एक्सेस मिल गया।

इसके बाद ठगों ने बेहद शातिर तरीके से कुछ ही मिनटों में रोहित के बैंक खाते से 7.42 लाख रुपए से अधिक की रकम ट्रांसफर कर ली। खाते से पैसे कटने के मैसेज मिलते ही रोहित को ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से बचें और सतर्क रहें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।