रामगोपाल गर्ग होंगे फर्स्ट पुलिस कमिश्नर ! लाल उमेद सिंह बनेंगे सेकेंड लेफ्टिनेंट

रामगोपाल गर्ग होंगे फर्स्ट पुलिस कमिश्नर ! लाल उमेद सिंह बनेंगे सेकेंड लेफ्टिनेंट
रायपुर (चैनल इंडिया)। 23 जनवरी से रायपुर में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू हो जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। दो-एक दिन में गृह विभाग से पुलिस कमिश्नर सिस्टम का नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। नोटिफिकेशन जारी होते ही राज्य सरकार सबसे पहले ओएसडी नियुक्त करेगी। ओएसडी को ही 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नर अपग्रेड कर दिया जाएगा।
गृह विभाग के नोटिफिकेशन के बाद आईजी स्तर के आईपीएस अधिकारी को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अपाइंट किया जाएगा। पुलिस कमिश्नरेट प्रारंभ होने से पहले ओएसडी की नियुक्ति इसलिए की जाती है ताकि पुलिस कमिश्नर ऑफिस के साथ सेटअप का पूरा ब्यौरा तैयार कर सकें। ऑफिस में फर्नीचर से लेकर प्यून, स्टॉफ जैसी व्यवस्थाएं करनी होगी। 23 जनवरी को पुलिस कमिश्नरेट शुरूआत के मौके पर एक बड़ा जलसा आयोजित किया जाएगा। उसका भी दायित्व ओएसडी पर होगी। 22 जनवरी को ओएसडी को ही पुलिस कमिश्नर में कंटिन्यू करने का आदेश निकल जाएगा। 
रायपुर के प्रथम पुलिस कमिश्नर के लिए आईजी पुलिस मुख्यालय अजय यादव, बद्रीनारायण मीणा, रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा, बिलासपुर आईजी संजीव शुक्ला, राजनांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य, सरगुजा आईजी दीपक झा के नामों की चर्चाएं पिछले महीने भर से पब्लिक डोमेन में है। इसी तरह पुलिस कमिश्नरेट के सेकेंड लेफ्टिनेंट के लिए कई डीआईजी के नाम गिनाए जा रहे हैं। 
इनमें अभी प्रमोट होकर डीआईजी बनने वाले कई एसएसपी के नाम भी शामिल हैं। दुर्ग आईजी रामगोपाल गर्ग, बिलासपुर आईजी संजीव शुक्ला, राजनांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य और सरगुजा आईजी दीपक झा के नाम पर सरकार के भीतर मंथन हुआ है। रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के लिए बेस्ट च्वाइस माने जा रहे थे। मगर उनके पास ईओडब्लू और एसीबी में कई अहम केसेज होने की वजह से सरकार उन्हें फिलहाल डिस्टर्ब नहीं करना चाह रही। ऐसे में, रामगोपाल गर्ग का पलड़ा काफी भारी हो गया है।
पंजाब में पैदा हुए रामगोपाल गर्ग छत्तीसगढ़ कैडर के 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे करीब सात साल सीबीआई में रहे हैं। पुलिस कमिश्नर की दौड़ में वे सबसे आगे हैं। एक तरह से कहा जाए तो सत्ता के अंदरखाने में उनके नाम पर सहमति बन चुकी है। चर्चा हैं कि रायपुर के आखिरी एसएसपी लाल उमेद सिंह रायपुर कमिश्नरेट में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बनाए जाएंगे। वे पिछले साल डीआईजी पदोन्नत हुए थे।