राजिम कुंभ कल्प आज से, राज्यपाल डेका करेंगे उद्घाटन
15 फरवरी तक होंगे भव्य आयोजन
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के नाम से विख्यात राजिम एक बार फिर धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति के त्रिवेणी संगम का साक्षी बनने जा रहा है। आज माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि 15 फरवरी तक राजिम कुंभ कल्प का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष भी कुंभ कल्प का आयोजन नए मेला स्थल चौबेबांधा, राजिम में होगा।
राजिम कुंभ कल्प का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से होगा। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर देशभर से प्रतिष्ठित संत-महात्माओं का समागम होगा। प्रमुख संतों में दंडी स्वामी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ, दंडी स्वामी सच्चिदानंद तीर्थ सहित अनेक संत शामिल होंगे।
कुंभ कल्प के दौरान प्रतिदिन शाम 6:30 बजे महानदी आरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम सात बजे से मुख्य मंच पर विविध आयोजन होंगे। विशेष आकर्षण के रूप में नौ से 11 फरवरी तक पंडोखर सरकार संत गुरुशरण महाराज का सत्संग दरबार त्रिवेणी संगम राजिम में आयोजित होगा, जो प्रतिदिन शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चलेगा।
रेलवे चलाएगा ‘कुंभ स्पेशल’
‘राजिम कुंभ मेला’ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है। भारतीय रेल द्वारा आज से 15 फरवरी तक रायपुर और राजिम के बीच 02 राजिम कुंभ मेला मेमू स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। पहली ट्रेन की रायपुर से रवानगी: सुबह 11:55 बजे (राजिम पहुँचने का समय: दोपहर 13:20 बजे)। राजिम से वापसी: दोपहर 14:00 बजे (रायपुर पहुँचने का समय: दोपहर 15:30 बजे)। दूसरी ट्रेन रायपुर- राजिम- रायपुर मेमू (08757 / 08758)। रायपुर से रवानगी: दोपहर 14:30 बजे (राजिम पहुँचने का समय: शाम 16:00 बजे)। राजिम से वापसी: रात 20:30 बजे (रायपुर पहुँचने का समय: रात 22:00 बजे)

admin 









