राजिम कुंभ की तैयारियां पूरी : दिन रात जुटे रहे जिला प्रशासन और विभिन्न विभाग,कल भव्य शुभारंभ

राजिम कुंभ की तैयारियां पूरी : दिन रात जुटे रहे जिला प्रशासन और विभिन्न विभाग,कल भव्य शुभारंभ

महानदी आरती से होगा भव्य शुभारंभ,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ डिजिटल संवाद का नया मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर स्थित त्रिवेणी संगम राजिम में आयोजित होने जा रहा राजिम कुंभ कल्प 2026 आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का भव्य प्रतीक बनेगा। यह महाआयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक चलेगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु, साधु-संत, कलाकार और विचारक शामिल होंगे। जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभाग के अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात जुटे रहे, जिसके परिणामस्वरूप राजिम कुम्भ की तैयारियां पूरी हो चुकी है।

राजिम कुंभ कल्प 2026 का शुभारंभ 1 फरवरी को शाम 6.30 बजे पवित्र महानदी आरती के साथ होगा। इस भव्य उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे। समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

सांस्कृतिक संध्या और भक्ति संगीत की विशेष प्रस्तुति

कुंभ कल्प के दौरान आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। 1 फरवरी को उद्घाटन के पश्चात रात 8 बजे मुंबई की प्रसिद्ध ‘लीला द स्पिरिचुअल रॉक बैंड’ अपने सुमधुर भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेगी। इसके अलावा मेला अवधि में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक राष्ट्रीय एवं आंचलिक कलाकारों द्वारा लोकसंस्कृति और भारतीय परंपरा से जुड़ी प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।

आस्था का पॉडकास्टः संवाद का आधुनिक मंच

राजिम कुंभ कल्प 2026 में पहली बार ‘आस्था का पॉडकास्ट’ की अभिनव पहल की जा रही है। इस मंच के माध्यम से देशभर से आने वाले ब्लॉगर, कंटेंट क्रिएटर और मीडिया प्रतिनिधि संतों एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों पर संवाद कर सकेंगे।

पॉडकास्ट स्लॉट बुक करने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को राजिम कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीयन करना होगा। प्रत्येक ब्लॉगर को अधिकतम एक घंटे का समय दिया जाएगा और स्लॉट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटित होंगे। आयोजकों द्वारा मंच की मूलभूत व्यवस्था की जाएगी, जबकि अन्य तकनीकी संसाधन प्रतिभागियों को स्वयं लाने होंगे।

शुष्क दिवस घोषित, मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

राजिम कुंभ कल्प की धार्मिक गरिमा और शांति बनाए रखने के लिए राज्य शासन द्वारा 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक नवापारा, मगरलोड एवं राजिम क्षेत्र को शुष्क दिवस क्षेत्र घोषित किया गया है। इस अवधि में सभी देशी-विदेशी मदिरा दुकानें, होटल-बार, रेस्टॉरेंट-बार, क्लब तथा भांग की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी।

साथ ही, कुंभ मेला क्षेत्र में मांस-मटन की खरीदी-बिक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। जिला दण्डाधिकारी के निर्देशानुसार पशुवध गृह एवं मांस विक्रय की सभी दुकानों को मेला अवधि तक बंद रखा जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध मदिरा एवं मांस बिक्री की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा विशेष जांच दल गठित किए गए हैं।

राजिम कुंभ कल्प 2026 न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करने वाला ऐसा उत्सव है, जो आस्था, संस्कृति, अनुशासन और आधुनिक संवाद का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।

राजिम कुंभ कल्प 2026 के मद्देनज़र यातायात व्यवस्था में बदलाव

भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 6 से रात 12 बजे तक रहेगा प्रतिबंधित

राजिम कुंभ कल्प 2026 के आयोजन आयोजन अवधि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के आगमन की संभावना को देखते हुए उनकी सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था में आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं।

कलेक्टर बी.एस. उइके के निर्देशानुसार नेशनल हाईवे 130-सी पर रायपुर से राजिम, चौबे बांधा मार्ग से नवापारा पुल तथा राजिम से फिंगेश्वर मार्ग में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध 1 से 15 फरवरी तक सुबह 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक प्रभावशील रहेगा।

प्रशासन ने संबंधित वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है, ताकि राजिम कुंभ कल्प का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।