मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काफिले में अब 'फॉर्च्यूनर' की जगह 'स्कॉर्पियो' का दिखेगा जलवा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काफिले में अब 'फॉर्च्यूनर' की जगह 'स्कॉर्पियो' का दिखेगा जलवा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुरक्षा काफिले में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। जब मुख्यमंत्री का काफिला प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुँचा, तो वहां मौजूद पदाधिकारी और कार्यकर्ता नई गाड़ियों को देखकर हैरान रह गए। मुख्यमंत्री अब टोयोटा फॉर्च्यूनर की जगह नई बुलेटप्रूफ स्कार्पियो की सवारी करते नजर आए।

काफिले में शामिल हुईं 6 नई स्कार्पियो
पिछले करीब ढाई साल से मुख्यमंत्री के काफिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान खरीदी गई फॉर्च्यूनर गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। सुरक्षा और तकनीकी कारणों को देखते हुए अब उन्हें बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री के बेड़े में ऐसी 6 नई स्कार्पियो शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री स्वयं विशेष रूप से तैयार की गई बुलेटप्रूफ स्कार्पियो में सफर करेंगे।

पुरानी गाड़ियों में आ रही थी तकनीकी खराबी
गाड़ियों के इस अचानक बदलाव पर जब मीडिया और भाजपा नेताओं ने उत्सुकता जाहिर की, तो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं इसका कारण स्पष्ट किया। उन्होंने कहा:

"पुरानी गाड़ियां काफी चल चुकी थीं और अब वे पुरानी हो गई थीं। कभी-कभी गाड़ियां अचानक चलते-चलते बंद भी हो जा रही थीं, जिससे सुरक्षा में दिक्कत आ सकती थी। इसलिए काफिले को बदलने का प्रयास चल रहा था और आज नई गाड़ियां शामिल की गई हैं।"

सुरक्षा के मद्देनजर अहम बदलाव
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुराने हो चुके वाहनों को बदलना एक अनिवार्य प्रक्रिया है। पुरानी फॉर्च्यूनर गाड़ियों के बार-बार खराब होने से सीएम के प्रोटोकॉल और सुरक्षा घेरे पर असर पड़ रहा था। नई स्कार्पियो न केवल अत्याधुनिक सुरक्षा फीचर्स से लैस हैं, बल्कि कठिन रास्तों पर भी बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।

आज जब नई गाड़ियों का यह काफिला सड़कों पर निकला, तो आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा।