Crime Breaking : ओवरब्रिज के नीचे लाखों का गांजा जब्त : रायपुर पुलिस ने तस्कर को दबोचा

Crime Breaking : ओवरब्रिज के नीचे लाखों का गांजा जब्त : रायपुर पुलिस ने  तस्कर को दबोचा

20.300 किलो गांजा, स्विफ्ट कार और मोबाइल जब्त, 7.55 लाख का माल बरामद

रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा, एक स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 55 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 7 फरवरी को सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग गांजा लेकर उसकी डिलीवरी के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार दो युवक फरार हो गए, जबकि चालक सीट पर बैठे एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम हिमांशु केशरवानी (29) निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा मिला। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा के कालाहांडी से गांजा लाकर रायपुर और उत्तर प्रदेश में बिक्री करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.300 किलो गांजा (कीमत लगभग 2.05 लाख रुपए), स्विफ्ट कार CG 04 MT 1518 (कीमत करीब 5 लाख रुपए) और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन (कीमत करीब 50 हजार रुपए) जब्त किए। आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 56/26 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। साथ ही बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।