राजिम कुंभ कल्प : संत समागम परिसर में लगा पंडोखर सरकार का दिव्य दरबार
गुरूशरण महाराज ने सुनी श्रद्धालुओं की समस्याएं, दिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन
राजिम। कुंभ कल्प के संत समागम परिसर में पंडोखर सरकार के नाम से विख्यात गुरूशरण महाराज का दिव्य दरबार भव्य रूप से सजा। दरबार में दूर-दराज के जिलों और प्रदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान विशाल पंडाल में श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला।
दरबार प्रारंभ होने से पूर्व मंच पर विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान की आरती की गई। इसके पश्चात गुरू पूजन संपन्न हुआ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दरबार की औपचारिक शुरुआत की गई। पूरे परिसर में भक्ति और अनुशासन का विशेष वातावरण बना रहा।

दरबार में पहुंचे श्रद्धालु अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर उपस्थित हुए थे। गुरूशरण महाराज ने संकेत देकर श्रद्धालुओं को अपने समीप बुलाया और उन्हें धैर्यपूर्वक सुना। इसके पश्चात उन्होंने आध्यात्मिक दृष्टिकोण से मार्गदर्शन और आवश्यक उपाय बताए। उपस्थित श्रद्धालुओं के बताया कि दरबार में मिला परामर्श उनके लिए आत्मिक संतोष और मानसिक शांति का कारण बना।
कई श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्हें सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ और समस्याओं के नया निदान प्राप्त हुआ। दरबार के दौरान संत समागम परिसर में भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक चर्चाओं का क्रम भी चलता रहा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।

admin 









