मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू बस्तर रोडमैप 2.0 पर मंथन
रायपुर। महानदी भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों और नई नीतियों पर चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं, जिनका असर प्रदेश के विकास कार्यों पर पड़ेगा।
बैठक का सबसे प्रमुख एजेंडा बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए तैयार की गई कार्ययोजना “बस्तर रोडमैप 2.0” है। सरकार इस योजना के तहत बस्तर में संचालित मौजूदा विकास योजनाओं की समीक्षा कर रही है, साथ ही नई परियोजनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया जा रहा है। इस रोडमैप को बस्तर के विकास की दिशा तय करने वाली अहम पहल माना जा रहा है।
मंत्रिपरिषद की इस बैठक में खासतौर पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। बस्तर के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में सड़क, पुल-पुलियों और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर नए प्रस्तावों पर चर्चा संभव है। सरकार की कोशिश इन क्षेत्रों को जिला मुख्यालयों और शहरी केंद्रों से जोड़ने की है, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
सरकार की यह बैठक बस्तर क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में इस बैठक से निकलने वाले फैसले न केवल क्षेत्रीय विकास को प्रभावित करेंगे, बल्कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट करेंगे।

admin 





