धरसींवा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया आधुनिक तहसील कार्यालय का लोकार्पण

धरसींवा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया आधुनिक तहसील कार्यालय का लोकार्पण

सुगम, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

66.20 लाख की लागत से बना सर्वसुविधायुक्त भवन, राजस्व सेवाओं में आएगी तेजी और पारदर्शिता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा में नवनिर्मित तहसील कार्यालय का लोकार्पण किया। यह पहल प्रशासनिक सेवाओं को आमजन के और अधिक निकट, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य नागरिकों को समय पर, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। धरसींवा का यह नया तहसील कार्यालय इसी संकल्प को साकार करता है। उन्होंने कहा कि इस भवन के शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों में अधिक सुविधा और तेजी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करते हुए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि हर नागरिक को बिना किसी परेशानी के बेहतर सुविधा मिल सके।

नवनिर्मित तहसील कार्यालय में नायब नाजिर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, माल जमार, नकल शाखा, कानूनगो कक्ष, भुइयां एवं भू-अभिलेख शाखा जैसी आवश्यक इकाइयों के साथ लोक सेवा केंद्र और आधार केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा नागरिकों के लिए स्वच्छ पेयजल सहित अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यह आधुनिक तहसील कार्यालय 66.20 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया गया है, जो क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती देगा और सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगा।

इस अवसर पर अनुज शर्मा, महादेव कावरे, गौरव सिंह, विश्वदीप, कुमार बिश्वरंजन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।