चाकू से जानलेवा हमला कर फरार रहे दो आरोपी गिरफ्तार,मेला में हुआ था विवाद
खरोरा (रायपुर ग्रामीण)। थाना खरोरा क्षेत्र अंतर्गत मढ़ई मेला कार्यक्रम के दौरान हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने घटना दिनांक से फरार चल रहे दो आरोपियों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजीत घृतलहरे (24 वर्ष) निवासी मूरा वार्ड क्रमांक-16 तथा ईश्वर उर्फ बिट्टू टंडन (19 वर्ष) निवासी नवागांव वार्ड क्रमांक-09, थाना खरोरा, जिला रायपुर शामिल हैं। आरोपी अजीत घृतलहरे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जप्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 23-24 जनवरी की दरम्यानी रात ग्राम रायखेड़ा के चितावर मंदिर के पास मढ़ई मेला कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान वाहन हटाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि काली स्कॉर्पियो वाहन में आए आरोपी कुछ देर बाद दोबारा लौटे और गाली-गलौज करते हुए चन्द्रकांत वर्मा पर धारदार चाकू से पेट में हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
इसके अलावा आरोपियों द्वारा प्रार्थी पर भी चाकू से सिर, कान, जांघ और घुटने पर जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 48/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं अन्य आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू तथा स्कॉर्पियो वाहन जप्त कर एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक सहित आठ आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। घटना के बाद से फरार चल रहे अजीत घृतलहरे और ईश्वर उर्फ बिट्टू की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिन्हें अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है।

admin 









