दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहशत, बैरन बाजार में युवक पर जानलेवा हमला

दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहशत, बैरन बाजार में युवक पर जानलेवा हमला

आपसी रंजिश में आरोपी ने ताबड़तोड़ किए वार, इलाके में फैली सनसनी

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शहर के व्यस्त बैरन बाजार इलाके में सोमवार सुबह दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरन बाजार निवासी इनायत पर आदिल रज़ा उर्फ हरा सोनू नामक युवक ने जानलेवा हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़ित के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। इसी के चलते आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
घटना उस वक्त हुई जब सुबह के समय बाजार में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। अचानक हुई चाकूबाजी से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला। लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।