विधानसभा में जमकर बरसे मुख्यमंत्री : कांग्रेस भ्रष्टाचार स्पेशलिस्ट सरकार रही, हमने भ्रष्टाचारियों को जेल पहुंचाया

विधानसभा में जमकर बरसे मुख्यमंत्री : कांग्रेस भ्रष्टाचार स्पेशलिस्ट सरकार रही, हमने भ्रष्टाचारियों को जेल पहुंचाया

रायपुर (चैनल इंडिया)। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सरकार की उपलब्धियों और नीतियों को रखते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार स्पेशलिस्ट सरकार के रूप में काम करती रही, जबकि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ  निर्णायक कार्रवाई करते हुए कई दोषियों को जेल के पीछे पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, सुरक्षा और विकास के त्रिस्तरीय संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ  चल रहे अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और उन्हें विश्वास है कि 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां पहले स्कूल जलाए जाते थे और हथियारों की फैक्ट्रियां संचालित होती थीं, वहीं आज बस्तर में स्कूल संचालित हो रहे हैं, अस्पताल खुल रहे हैं और लोगों को बेहतर उपचार मिल रहा है। पुनर्वास नीति के कारण बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में तेजी से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बस्तर पंडुम में इस वर्ष 54 हजार कलाकारों का पंजीयन सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रमाण है। होमस्टे योजना को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और इसे पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नया अधिनियम लाया जाएगा। नया रायपुर में ‘अंतरिक्ष संगवारी’ पहल शुरू की गई है तथा शासकीय कर्मचारियों को कैशलैस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे क्षेत्र में 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जी राम जी योजना’ मनरेगा से बेहतर मॉडल है, जिसमें 100 के स्थान पर 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा।