दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी उपलब्धि : 186 किलोमीटर में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग, 11 स्टेशनों पर ई-इंटरलॉकिंग
ट्रेनें हुईं ज्यादा सुरक्षित और समयबद्ध
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सिग्नलिंग और दूरसंचार क्षेत्र में बड़े सुधार करते हुए रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और समयबद्ध बनाने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आधुनिक तकनीकों के विस्तार से जहां मानवीय त्रुटियों में कमी आई है, वहीं ट्रेनों की क्षमता और समयबद्धता में भी सुधार हुआ है।
11 स्टेशनों पर नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग
रेलवे ने 11 प्रमुख स्टेशनों पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) प्रणाली स्थापित की है। इनमें गोंदिया, उरगा, किरोड़ीमल नगर, कोथारी रोड, रायगढ़, सारागांव देवरी, चक्रधर नगर, कुरुद, बाराद्वार, पेंड्रा रोड और बालपुर रोड शामिल हैं। इस तकनीक से जटिल यार्ड में भी ट्रेनों का सुरक्षित और निर्बाध संचालन संभव हुआ है।
25 स्टेशनों पर अपग्रेड, 9 पर पैनल इंटरलॉकिंग में सुधार
25 स्टेशनों पर इंटरलॉकिंग सिस्टम का उन्नयन किया गया, जिससे सिग्नलिंग की विश्वसनीयता बढ़ी है। वहीं 9 स्टेशनों पर पैनल इंटरलॉकिंग में संशोधन कर संचालन को और सुगम और सुरक्षित बनाया गया है।
186 किमी में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग
वर्ष 2025-26 में कुल 186 किलोमीटर रेलखंड में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली लागू की गई। प्रमुख सेक्शन में दगोरी–निपनिया, गुदमा–गंगाझरी, उरकुरा–सरोना, कोतरलिया–जामगा, चांपा–सारागांव, रायगढ़–चक्रधर नगर–कोतरलिया, निपनिया–भाटापारा और रायगढ़–जेएसपीएल–किरोड़ीमल नगर शामिल हैं।
कैसे बढ़ी सुरक्षा
नई सिग्नलिंग व्यवस्था में एक ही सेक्शन को छोटे-छोटे ब्लॉक में बांट दिया जाता है। इससे:
ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी अपने आप बनी रहती है
सिग्नल फेल होने पर भी सुरक्षा सुनिश्चित होती है
मानवीय त्रुटियां काफी कम हो जाती हैं
सिस्टम फेल होने की घटनाएं घटती हैं
क्षमता और समयबद्धता में सुधार
ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और इंटरलॉकिंग के विस्तार से अब एक ही ट्रैक पर कम समय अंतराल में ज्यादा ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इससे लाइन क्षमता बढ़ी है और ट्रेनों की पंक्चुअलिटी में भी सुधार आया है।
महाप्रबंधक के नेतृत्व में मिला परिणाम
इन उपलब्धियों का श्रेय महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व को दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में विभाग ने तेजी से आधुनिक तकनीकों को अपनाकर रेलवे संचालन को नए स्तर पर पहुंचाया है।
आगे भी रहेगा फोकस दक्षिण
पूर्व मध्य रेलवे का सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग आने वाले समय में भी नई तकनीकों को अपनाकर संरक्षा, क्षमता और विश्वसनीयता को और मजबूत करने की दिशा में काम करता रहेगा।

admin 





