राष्ट्रपति मुर्मू आज बस्तर में, अमित शाह रायपुर आएंगे
आठ को रायपुर में नक्सलवाद पर बैठक
नौ को बस्तर पंडुम के समापन में बस्तर जाएंगे शाह
रायपुर (चैनल इंडिया)। तीन दिवसीय बस्तर पंडुम आज सात फरवरी से शुरू हो रहा है। संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करेंगी। बस्तर पंडुम का समापन नौ फरवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इसके लिए वे सात फरवरी को रायपुर आएंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एक बार फिर से तीन दिनों के छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा 7 से 9 फरवरी तक होगा। आठ फरवरी को नक्सलवाद पर होटल मेफेयर में दिन भर बैठकों का दौर चलेगा। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ प्रदेश के पुलिस अधिकारी, नक्सल मोर्चे पर लगे प्रदेश के अधिकारियों के साथ केंद्र सरकार के अधिकारी भी शामिल होंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह बीएसएफ के विमान से 4.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे होटल मेफेयर में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन आठ फरवरी को नक्सलवाद पर दिन भर बैठकों का दौर चलेगा। अपने दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को अमित शाह जगदलपुर में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। रायपुर से वे सुबह 11 बजे जगदलपुर के लिए बीएसएफ के विशेष विमान से रवाना होंगे। 12.05 से 1.20 बजे तक पंडुम महोत्सव के समापन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद 2.15 बजे बीएसएफ के विमान से जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

admin 









