सीएम साय के जन्मदिन पर डिप्टी सीएम साव ने वनग्राम में लगाई जनचौपाल,लाखों के विकास कार्यों की घोषणा

सीएम साय के जन्मदिन पर डिप्टी सीएम साव ने वनग्राम में लगाई जनचौपाल,लाखों के  विकास कार्यों की घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन के अवसर पर वनग्राम बिजराकछार में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री Arun Sao ने 8 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।


जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ से उन्हें आर्थिक मजबूती मिली है। महिलाओं ने कहा कि योजना से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों में सहूलियत हुई है।


40 लाख के विकास कार्यों की घोषणा
डिप्टी सीएम साव ने बिजराकछार में दो सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए तथा निवासखार, महामाई, सुरही, बोईहा, झिरिया और खुड़िया में विकास कार्यों के लिए 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने बिजराकछार में बिजली लाइन विस्तार के लिए सर्वे कर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में सोलर लाइट की व्यवस्था और नेटवर्क सुविधा बेहतर करने के लिए अतिरिक्त टॉवर लगाने की बात भी कही।
साव ने वन विभाग के बीट गार्ड को टॉर्च वितरित किए और गर्मी के मौसम में जंगल में सूखे पत्ते नहीं जलाने की अपील की।


वनभोज में ग्रामीणों संग आत्मीय संवाद
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ हरियाली से घिरे वातावरण में वनभोज का आनंद लिया। खुले आसमान के नीचे सहज बातचीत और आत्मीय मुलाकात का माहौल रहा।
खुड़िया पथर्री पारा में उन्होंने भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।