T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया का सफर खत्म! जिम्बाब्वे की सुपर-8 में एंट्री; जानें क्या रहा अंक तालिका का समीकरण
नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, लेकिन यह किसी खिलाड़ी के बल्ले या गेंद से नहीं बल्कि बारिश की वजह से हुआ। श्रीलंका के पल्लेकेले में आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला अहम मुकाबला भारी बारिश के कारण बिना टॉस हुए रद्द कर दिया गया। इस बेनतीजा रहे मैच ने टूर्नामेंट के समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं, जिससे जिम्बाब्वे ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जबकि पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
पल्लेकेले स्टेडियम में सुबह से ही लगातार बारिश हो रही थी, जिसके चलते मैदान काफी गीला हो गया था। अंपायरों ने कई बार निरीक्षण किया, लेकिन मैदान खेलने लायक न होने के कारण अंततः मैच को रद्द करने का फैसला लिया गया। नियमों के अनुसार, दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया। इस एक अंक की मदद से जिम्बाब्वे के अब 5 अंक हो गए हैं और वह ग्रुप-B से श्रीलंका के साथ अगले दौर में पहुँचने वाली दूसरी टीम बन गई है।
इस 'वॉशआउट' का सबसे बुरा असर ऑस्ट्रेलिया पर पड़ा है। मिचेल मार्श की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्तमान में 2 अंकों के साथ तालिका में नीचे है। अब यदि ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच ओमान के खिलाफ जीत भी लेती है, तब भी वह अधिकतम 4 अंकों तक ही पहुँच पाएगी, जो जिम्बाब्वे के 5 अंकों से कम है। आयरलैंड के लिए भी यह खबर निराशाजनक रही क्योंकि इस नतीजे के बाद वे भी 3 अंकों के साथ रेस से बाहर हो गए हैं।

admin 









