सुशासन तिहार को लेकर मुख्यमंत्री का निर्देश, 1 मई से प्रदेशभर में लगेंगे समाधान शिविर

सुशासन तिहार को लेकर मुख्यमंत्री का निर्देश, 1 मई से प्रदेशभर में लगेंगे समाधान शिविर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगामी 1 मई से शुरू होने वाले प्रदेशव्यापी ‘सुशासन तिहार’ के मद्देनजर सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से शासन की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने और व्यापक स्तर पर जन समस्या निवारण शिविर आयोजित करने पर जोर दिया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सुशासन तिहार’ के तहत 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में समाधान शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह पर तथा नगरीय क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि शिविरों के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जाए। साथ ही शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति की जानकारी अनिवार्य रूप से दी जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों में वे स्वयं, साथ ही मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव और प्रभारी सचिव समय-समय पर शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा तथा आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी ली जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा आमजन से सीधा संवाद किया जाएगा। वहीं दोपहर बाद जिला मुख्यालयों में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति, विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा होगी। राज्य स्तर से इसके लिए बिंदुवार समीक्षा पत्रक भी उपलब्ध कराए जाएंगे।