आबकारी आरक्षक के 200 पदों पर भर्ती हेतु अंतिम चयन परिणाम जारी

आबकारी आरक्षक के 200 पदों पर भर्ती हेतु अंतिम चयन परिणाम जारी

रायपुर। आबकारी विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक के रिक्त 200 पदों की पूर्ति हेतु सीधी भर्ती के माध्यम से छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर (व्यापम) द्वारा 27 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस भर्ती परीक्षा का अंतिम उत्तर तथा परीक्षा परिणाम व्यापम की वेबसाइट पर 19 सितम्बर 2025 को प्रदर्शित किया गया था।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग को प्राप्त परीक्षा परिणाम की प्राप्तांक सूची एवं संबंधित अभिलेखों के आधार पर विज्ञापन में उल्लेखित वर्गवार एवं प्रवर्गवार रिक्तियों के लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर चिन्हांकित किया गया। इन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदण्ड परीक्षण के लिए बुलाया गया।

पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद सत्यापन में अनुपस्थित रहने एवं शारीरिक मापदण्ड में अपात्र पाए गए कुल 128 अभ्यर्थियों के नामों पर चयन प्रक्रिया में विचार नहीं करने के संबंध में 12 मार्च 2026 को आदेश जारी किया गया।

शेष पात्र अभ्यर्थियों में से व्यापम द्वारा जारी मेरिट सूची के आधार पर वर्गवार एवं प्रवर्गवार आबकारी आरक्षक के 200 पदों के विरुद्ध 200 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई है। इसके अतिरिक्त 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक (प्रतीक्षा) सूची भी जारी की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक परीक्षण में पात्र पाए गए अभ्यर्थियों में से चयनित उम्मीदवारों की सूची मंडल की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।