Raipur Crime : होटल में कुत्ते को खाने खिलाने की बात पर मर्डर,दो कर्मचारियों ने युवक को मारा चाकू

Raipur Crime :  होटल में कुत्ते को खाने खिलाने की बात पर मर्डर,दो कर्मचारियों ने युवक को  मारा चाकू

रायपुर (ग्रामीण)। धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा फेस-02 स्थित अजय साहू के होटल में क्षणिक विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। खाने को लेकर हुए झगड़े के बाद दो होटल कर्मचारियों ने युवक को होटल से घसीटकर बाहर निकाला और सीने में चाकू मार दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कुत्ते को खाना खिलाने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक 9 फरवरी को शिव प्रसाद धुर्वे (35), निवासी थाडपथर पोस्ट खेतगांव, पुष्पराजगढ़ जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश) अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खाने पहुंचा था। वह नशे की हालत में था। इसी दौरान होटल कर्मचारी सागर साहू अपनी थाली छोड़कर किचन गया हुआ था। आरोप है कि शिव प्रसाद उसकी थाली का खाना कुत्ते को खिलाने लगा। लौटने पर सागर ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिव प्रसाद ने नशे में कहा—“खाना खिलाएंगे, क्या कर लोगे।”

पहले मारपीट, फिर चाकू से हमला

विवाद बढ़ने पर सागर साहू और पवन कुमार श्रीवास ने शिव प्रसाद के साथ मारपीट की। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ होटल से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अन्य साथियों के साथ वापस लौटकर फिर विवाद करने लगा।
इसी दौरान दोनों कर्मचारियों ने उसे होटल से घसीटते हुए बाहर निकाला और चाकू से सीने में वार कर दिया। गंभीर हालत में साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू जब्त

मामले में थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 103, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिलतरा चौकी और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

पवन कुमार श्रीवास (35), निवासी चिल्हाड़ी पचपेड़ी, जिला बिलासपुर
सागर साहू (24), निवासी ग्राम चरोदा, थाना धरसींवा, रायपुर
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।