CG Accident : नेशनल हाईवे पर ट्रेलर और स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत, 4 की मौत, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे एक ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की ओर जा रहा था। सम्बलपुरी के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर रॉन्ग साइड में घुस गया। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। ट्रेलर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह स्कॉर्पियो को रौंदते हुए पास खड़े एक अन्य ट्रेलर से जा टकराया और पलट गया।
2 घंटे चली रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत दल ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला।
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक:
-
छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष): निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर।
-
विशाल लहरें (25 वर्ष): निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, मुंगेली।
-
अनमोल लहरें (14 वर्ष): निवासी बिरगहनी, मुंगेली।
-
सोनू मिरी (28 वर्ष): निवासी कोटा।
घायल व्यक्ति को तत्काल बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर ट्रेलर चालक की लापरवाही और रॉन्ग साइड ड्राइविंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।

admin 









