छत्तीसगढ़ में बदल गया मौसम का मिजाज, अगले 48 घंटों में तेज गर्मी के बीच आंधी-बारिश की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए अगले 48 घंटों तक अलर्ट जारी किया है। विदर्भ और ओडिशा के ऊपर सक्रिय दो नए सिस्टम के प्रभाव से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम के बिगड़ने के संकेत हैं।
राजधानी रायपुर में आज शाम आसमान में बादलों का डेरा रहने की संभावना है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी चल सकती है और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जिससे उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से थोड़ी राहत मिली है। पेंड्रा रोड और कपु में सबसे अधिक 20-20 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कोरबा, कुनकुरी और पसान में हल्की बारिश हुई। तमनार और खड़गांव क्षेत्रों में भी बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई। वहीं, राजनांदगांव 37.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
मौसम विभाग ने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मवेशियों और कटी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ और ओडिशा का यह सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद तापमान फिर बढ़ेगा। अगले दो दिनों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है, जिससे प्रदेश के मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं।

admin 





