मर्सिडीज कार से जुआ खेलने पहुंचे युवक गिरफ्तार, लाखों का कैश बरामद
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अभनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी रेड की है। पुलिस को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर और धमतरी जिले की सीमा पर स्थित ग्राम टोकरो के पास खेतों के बीच कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में अभनपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा तफरी मच गई और सभी इधर-उधर भागने लगे। इस बीच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह (34 वर्ष), निवासी सेक्टर-10 भिलाई, और रितेश कुमार (36 वर्ष), निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार प्रयास कर रही है।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लाख 34 हजार रुपये नकद, एक ताश की गड्डी, एक मर्सिडीज कार (क्रमांक CG 07 CU 9944) और दो आईफोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 42 लाख 14 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते कार्रवाई शुरू कर दी है।

admin 





