Raipur Crime : युवक के कब्जे से गांजा और बड़ी संख्या में नशीली गोलियां जब्त

Raipur Crime :  युवक के कब्जे से गांजा और बड़ी संख्या में नशीली गोलियां जब्त

रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 किलो 250 ग्राम गांजा, 480 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्रोसन), एक आईफोन और नशे के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 4 हजार 500 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हर्ष सोनी (20) निवासी वार्ड क्रमांक 22, तिल्दा बस्ती के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 71/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 22(सी) में मामला दर्ज किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 04 पीसी 3397) से सासाहोली अंडरब्रिज होते हुए तिल्दा की ओर आ रहा है। उसके काले रंग के बैग में अवैध मादक पदार्थ और नशीली गोलियां हैं, जिन्हें वह बिक्री के लिए ले जा रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग में मिला गांजा और प्रतिबंधित टेबलेट पूछताछ में आरोपी ने नशे का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात स्वीकार की।

बदलते अपराध पैटर्न पर नजर
रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत नशे के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभियान के दबाव के चलते तस्कर अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई, माइक्रो लेवल सर्विलांस और एंड-टू-एंड जांच के जरिए पुलिस उनकी रणनीति को विफल कर रही है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज (ग्रामीण) अमरेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में यह अभियान लगातार जारी है।