राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर वोटिंग, केटी तुलसी व फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल खत्म

राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर वोटिंग, केटी तुलसी व फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल खत्म
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्यसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया। इनमें छत्तीसगढ़ की दो सीटें भी शामिल हैं, जो अप्रैल में खाली हो रही हैं। ये दो स्थान केटी तुलसी और फूलोदेवी नेताम के कार्यकाल के खत्म होने पर रिक्त होंगे। 
जारी अधिसूचना के मुताबिक चुनाव की प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू होगी। इसी दिन नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उम्मीदवार पांच मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। छह मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। वोटिंग 16 मार्च  को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी। 
छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर होने वाला यह चुनाव सियासी नजरिए से अहम माना जा रहा है। अब सभी दल संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन में जुटेंगे। विधानसभा में सदस्य संख्या को देखते हुए इस बार नए चुनाव में एक एक सीट भाजपा, कांग्रेस को मिलेगी। कांग्रेस से वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी के फिर छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में जाने की संभावना नहीं है। उनके बदले एक और बड़े वकील अभिषेक मनु सिंघवी के नाम की अभी से चर्चा हो रही है। अभिषेक मनु सिंघवी, तेलंगाना से राज्यसभा सदस्य हैं। उनका भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। तेलंगाना के कई नेता सिंघवी के बजाए स्थानीय नेता को ही राज्यसभा में भेजे जाने के लिए दबाव बनाए हुए हैं। ऐसे में सिंघवी के लिए छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में जाने का विकल्प है। सिंघवी छत्तीसगढ़ के प्रमुख कांग्रेस नेताओं का केस लड़ चुके हैं।
हालांकि यहां भी कांग्रेस में स्थानीय नेता को ही राज्यसभा में भेजे जाने की वकालत की जा रही है। कुछ नेता आने वाले दिनों में इस सिलसिले में पार्टी हाईकमान से चर्चा भी कर सकते हैं। दूसरी तरफ, भाजपा में यह तय है कि किसी स्थानीय को ही राज्यसभा में भेजा जाएगा। कई हारे हुए बड़े नेता इसके लिए प्रयासरत हैं। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल रहेगी।