रायपुर में लाखों का गांजा जब्त,तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायपुर में लाखों का गांजा जब्त,तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कीमत करीब 7.51 लाख रुपए; दो मोबाइल और नगदी भी जब्त

रायपुर। Raipur कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.613 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 7,51,650 रुपए आंकी गई है। कार्रवाई में दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपए नगद भी बरामद किए गए हैं।
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल की मॉनिटरिंग में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम ने की।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को 21 फरवरी को सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित मेडिसाइन अस्पताल के पास गली में कुछ युवक गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके अलग-अलग बैग से कुल 14.613 किलो गांजा बरामद हुआ।

महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के हैं आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम-तुषार नितिन पवार (21) निवासी दहीवडी थाना सिकरापुर, जिला पुणे (महाराष्ट्र), किरन सीताराम काये (25), निवासी दहीवडी थाना सिकरापुर जिला पुणे (महाराष्ट्र), दीपक तोमर (33) निवासी किरनाईच थाना पुरषा जिला मुरैना (मध्यप्रदेश)
बताए हैं। तीनों के खिलाफ New Rajendra Nagar Police Station में अपराध क्रमांक 84/26, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक की जांच

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, सप्लाई चेन के सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन तक एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक की कार्रवाई
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक गांजा के 15 मामलों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 156.381 किलोग्राम गांजा, 2,05,700 रुपए नगद, दो चारपहिया वाहन और आठ मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। कुल जब्ती की कीमत करीब 90.76 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।