छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: उत्तरी क्षेत्रों में घने कोहरे और मध्य इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: उत्तरी क्षेत्रों में घने कोहरे और मध्य इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के मौसम को लेकर ताजा चेतावनी जारी की है, जिसके मुताबिक आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक :

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए 6 जिलों में शीतलहर (Cold Wave) और 7 जिलों में घने कोहरे (Dense Fog) का अलर्ट जारी किया है।

  • शीतलहर: राजधानी रायपुर सहित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है।

  • कोहरा: 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिलासपुर संभाग में भी सुबह के समय कोहरा देखा जा सकता है।

तापमान का हाल :

पिछले 24 घंटों में कई इलाकों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

राजधानी रायपुर का मौसम :

राजधानी रायपुर में आज सुबह कुहासा छाया रह सकता है। यहाँ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।