62वें जन्मदिन पर सीएम विष्णुदेव साय ने जगन्नाथ मंदिर में की पूजा
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायपुर/जशपुर। विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस के अवसर पर जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर, दोकड़ा में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के समक्ष प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विधि-विधानपूर्वक पूजा की और परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्य भी साथ मौजूद रहे। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी एकत्रित थे। पूजा के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की शांति, खुशहाली और निरंतर विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जनकल्याण को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

admin 









