नक्सलवाद पर अंतिम प्रहार के लिए आज दिनभर मंथन

नक्सलवाद पर अंतिम प्रहार  के लिए आज दिनभर मंथन

31 मार्च तक नक्सल मुक्त बस्तर बनाने का बनेगा रोडमैप*

अमित शाह के सामने प्रस्तुत होगी योजना

रायपुर (चैनल इंडिया)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास पर शनिवार शाम रायपुर पहुंचे। तय समय से आधे घंटे पहले ही वे यहां पहुंचे। विमानतल पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के मंत्रियों, सांसद, विधायकों ने किया। रविवार को दिनभर बैठकों का दौर चलेगा।

इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ प्रदेश के पुलिस अधिकारी, नक्सल मोर्चे पर लगे आला अफसरों के साथ केंद्र सरकार के अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। सोमवार को अमित शाह बस्तर पंडुम महोत्सव का समापन करने बस्तर जाएंगे।

तय कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह जम्मू से बीएसएफ के विमान से 4.10 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। विमानतल से वे सीधे होटल मेफेयर पहुंचे। मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी होटल गए। होटल में करीब दो घंटों तक उन्होंने मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के साथ रविवार को होने वाली बैठक को लेकर चर्चा की।
आज दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। दोपहर 12.45 से 2.00 बजे तक नक्सलवाद की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर को 2 से 3 बजे का समय भोजन के लिए आरक्षित रखा गया है। इसके बाद फिर से 3.00 से लेकर 4.15 बजे तक बैठक होगी। बैठक में नक्सलियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की अमित शाह के सामने जानकारी रखी जाएगी। इसी के साथ आने वाले समय में नक्सलवाद को समाप्त करने की रणनीति पर चर्चा होगी। बस्तर में नक्सलवाद से जुड़े कौन-कौन से गुट बचे हैं, उनको समाप्त करने लिए क्या-क्या किया जाएगा, इसको लेकर रणनीति बनेगी। 

कल जाएंगे बस्तर
अपने दौरे के अंतिम दिन सोमवार को अमित शाह जगदलपुर, बस्तर, में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। रायपुर से वे 11 बजे जगदलपुर के लिए बीएसएफ के विशेष विमान से रवाना होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अरुण साव भी जाएंगे। 12.05 से 1.20 बजे तक पंडुम महोत्सव के समापन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद भोजन करेंगे और फिर 2.15 बजे बीएसएफ के विमान से जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवांना होंगे। मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अलग से दूसरे विमान से रायपुर लौटेंगे।