आईएएस रजत बंसल को बड़ी जिम्मेदारी : नए सीपीआर के साथ बने मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव,आदेश जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए 2012 बैच के आईएएस रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त जनसंपर्क (सीपीआर) समेत कई अहम विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।
एक साथ कई विभागों की जिम्मेदारी
सरकारी आदेश के अनुसार आईएएस बंसल को आयुक्त जनसंपर्क, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ‘संवाद’, भौमिकी एवं खनिकर्म विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इन जिम्मेदारियों के तहत वे शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार से लेकर खनिज संसाधनों के प्रबंधन तक अहम भूमिका निभाएंगे।
हरियाणा से छत्तीसगढ़ तक का सफर
रजत बंसल मूलतः हरियाणा के निवासी हैं। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम किया। उन्होंने पहली ही कोशिश में आईपीएस रैंक हासिल की, लेकिन दूसरी कोशिश में आईएएस बनकर प्रशासनिक सेवा ज्वाइन की।
2012 में ज्वाइन की आईएएस सेवा
उन्होंने 3 सितंबर 2012 को आईएएस सेवा ज्वाइन की। फील्ड ट्रेनिंग के दौरान उनकी पहली पोस्टिंग सहायक कलेक्टर के रूप में Raigarh में हुई। इसके बाद अगस्त 2014 में वे राजनांदगांव के एसडीएम बने।
कई जिलों में संभाली अहम जिम्मेदारी
प्रशासनिक करियर में बंसल ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे राजनांदगांव और सूरजपुर में जिला पंचायत सीईओ रहे। इसके अलावा रायपुर नगर निगम के कमिश्नर के रूप में भी सेवाएं दीं। वहीं, धमतरी, बस्तर और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में कलेक्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं।
सुशासन और अभिसरण में निभाएंगे अहम रोल
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कसावट और बेहतर समन्वय की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ बंसल सुशासन और अभिसरण से जुड़े कार्यों में भी वरिष्ठ स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

admin 




