राजधानी में रामनवमी की धूम, मंदिरों में झांकियां और भंडारा : 1100 किलो मालपुए का चढ़ा भोग

राजधानी में रामनवमी की धूम, मंदिरों में झांकियां और भंडारा : 1100 किलो मालपुए का चढ़ा भोग
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी रायपुर आज रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और संस्कृति के रंग में डूब गई है। शहर के मंदिरों में सुबह से विशेष पूजा-पाठ, भंडारे और झांकियों की तैयारियां जारी हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है, वहीं नगर निगम द्वारा क्षेत्र में आज मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है।
वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर और जैतूसाव मठ में आज मुख्य आयोजन होंगे। सुबह से ही भक्तों का तांता लगा है और शाम को पारंपरिक झांकियां निकाली जाएंगी। जैतूसाव मठ में भगवान श्रीराम को 1100 किलो मालपुए का विशेष भोग लगाया जाएगा, जिसके लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी दी गई है। शांतिनगर में सुंदरकांड पाठ के साथ दोपहर में महाप्रसाद वितरण का बड़ा आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध
रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में आज सभी पशुवध गृह और मांस-मटन दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आदेश लागू किया है। जोन व स्वच्छता अधिकारियों को निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। होटलों में मांस बिक्री करते पाए जाने पर जप्ती और जुर्माने की चेतावनी भी दी गई है।