भाजपा नेता पर हेड कांस्टेबल ने की सर्विस रायफल से फायरिंग

fired with service rifle

भाजपा नेता पर हेड कांस्टेबल ने की सर्विस रायफल से फायरिंग

बीजापुर (चैनल इंडिया)। जिले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर हेड कांस्टेबल ने फायरिंग कर दी। बातचीत के दौरान दोनों के मध्य विवाद होने पर प्रधान आरक्षक तैश में आ गया और अपने सर्विस रिवॉल्वर से भाजपा जिला उपाध्यक्ष लव कुमार रायडू पर फायरिंग कर दी। घटना में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बाल बाल बचे। वही घटना के बाद एसपी ने प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार आज बुधवार को शाम सायं लगभग 5 बजे भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत थाना से लगभग तीन किमी दूर एक खुले स्थान पर हेड कांस्टेबल वाहन चालक जलन कुमार कर्मा अपने परिचित लव कुमार रायडू स्थानीय निवासी तथा अन्य दो व्यक्तियों से मिलने गए थे। इसी दौरान आपस में किसी बात को लेकर बहस हो गई। लव कुमार रायडू भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैं। बहस के दौरान आवेश में आकर हेड कांस्टेबल जलन कुमार कर्मा ने अपनी सर्विस रिवाल्वर निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बाल-बाल बचे। पुलिस के अनुसार हवा में फायरिंग की गई थी और फायरिंग से कोई जनहानि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जलन कुमार कर्मा को हिरासत में ले लिया गया है तथा उसकी सर्विस रिवाल्वर भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेंद्र यादव द्वारा प्रधान आरक्षक जलन कुमार कर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और अग्रिम क़ानूनी एवं विभागीय कार्यवाही की जा रही है ।