वंचित किसानों को मिलेगा मौका, कल-परसों भी खरीदा जाएगा धान

वंचित किसानों को मिलेगा मौका, कल-परसों भी खरीदा जाएगा धान
रायपुर (चैनल इंडिया)। धान खरीदी से वंचित रह गए किसानों को एक बार फिर अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में दो दिन पांच और छह फरवरी को फिर धान खरीदी की जाएगी।
प्रदेश में किसानों से धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किसान के हितों को ध्यान में रखते हुए तीन प्रकार के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस पांच एवं छह फरवरी तक खरीदी करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे किसान जिनके द्वारा 10 जनवरी पश्चात् टोकन के लिए आवेदन किया गया है, परंतु सत्यापन नहीं हो पाया है। ऐसे किसान जिनके द्वारा 10 जनवरी  पश्चात आवेदन किया गया है एवं सत्यापन उपरांत धान पाया गया है। 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त किया गया था, परंतु किसी कारणवश धान विक्रय नहीं कर पाए हैं। इस संबंध में बारदाना एवं हमालों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों का धान किसी कारणवश तय समय सीमा में नहीं खरीदा जा सका था, उन्हें ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इस विशेष अवधि में केवल उन्हीं किसानों से धान की खरीदी की जाएगी, जो पहले वंचित रह गए थे। सीएम साय ने कहा, आज हमने समीक्षा की है। कुछ किसान जिनका टोकन कट गया, लेकिन वे धान नहीं बेच पाए थे। कुछ किसानों का पंजीयन भी नहीं हो पाया था। ऐसे किसानों का चिन्हांकन हुआ है। अगले दो दिन के लिए धान खरीदी शुरू करेंगे। सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी।