"नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ गढ़ेगा विकास का स्वर्णिम भविष्य" : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

"नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ गढ़ेगा विकास का स्वर्णिम भविष्य" : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में मिली महत्वपूर्ण सफलता के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए युग की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक प्रदेश की प्रगति में बाधा रहा, विशेष रूप से बस्तर अंचल इस समस्या से प्रभावित रहा। अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की मुख्यधारा मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है, जिससे आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प, नीति और रणनीति को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भयमुक्त और सुरक्षित छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शहादत इस सफलता की नींव है। उन्होंने सुरक्षाबलों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नक्सलमुक्त वातावरण में छत्तीसगढ़ तेज गति से विकास करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।