बजट सत्र में आएगा नया ‘धर्म स्वतंत्रता विधेयक’ अवैध मतांतरण पर सख्त होगी राज्य सरकार
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में प्रलोभन और दबाव के माध्यम से होने वाले अवैध मतांतरण को रोकने के लिए सरकार ने कानूनी घेराबंदी तेज कर दी है। मंत्रालय में आयोजित मंत्रिमंडलीय उप-समिति की पहली बैठक में प्रस्तावित ‘धर्म स्वतंत्रता विधेयक’ के मसौदे पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि यह कानून किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जबरन होने वाली गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए है।
गृहमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में विधेयक के कानूनी पहलुओं पर मंथन हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जहां सभी को धर्म के प्रचार का अधिकार है, लेकिन प्रलोभन या धमकी से मंतातरण कराना संवैधानिक रूप से गलत है। सरकार का प्रयास है कि नया कानून इतना मजबूत और तर्कसंगत हो कि उसे न्यायालय में चुनौती न दी जा सके। सूत्रों की मानें तो सभी संवैधानिक पहलुओं को सुरक्षित करने के बाद इस ऐतिहासिक विधेयक को बजट सत्र में विधानसभा में पेश किया जा सकता है। सरकार का दावा है कि इस कानून से खासकर आदिवासी क्षेत्रों में आ रही शिकायतों का समाधान होगा और सामाजिक सौहार्द बना रहेगा।
पिछले कुछ समय से बस्तर सहित प्रदेश के अन्य आदिवासी क्षेत्रों में ईसाई मिशनरियों द्वारा आदिवासी समुदाय के लोगों को पैसे, नौकरी और इलाज जैसे प्रलोभन देकर बहलाने के मामले समाने आ रहे हैं। हिंदू संगठनों की ओर से आए दिन इसके विरोध में शिकायतें की जा रही है। वहीं बस्तर क्षेत्र में आदिवासी समुदाय भी इसका लगातार विरोध कर रहे हैं।

admin 









