The Kerala Story 2 मेकर्स की बड़ी जीत! केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने फिल्म की रिलीज से हटाया स्टे
कोच्चि/नई दिल्ली। फिल्म निर्देशक सुदीप्तो सेन की चर्चित और विवादित फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। फिल्म की रिलीज के ठीक दिन, केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने बड़ा फैसला सुनाते हुए फिल्म पर लगाए गए 15 दिनों के अंतरिम स्टे (रोक) को पूरी तरह हटा दिया है। इस फैसले के बाद अब यह फिल्म बिना किसी कानूनी अड़चन के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो सकेगी।
डिवीजन बेंच ने पलटा सिंगल जज का फैसला
बता दें कि गुरुवार को जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस की सिंगल बेंच ने फिल्म के कंटेंट और सांप्रदायिक सौहार्द पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताते हुए इसकी रिलीज पर 15 दिनों की रोक लगा दी थी। कोर्ट का मानना था कि सेंसर बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को पास करते समय सभी कानूनी पहलुओं की ठीक से जांच नहीं की।
मेकर्स ने इस फैसले के खिलाफ तुरंत डिवीजन बेंच में अपील की। जस्टिस एसए धर्माधिकारी और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की डिवीजन बेंच ने गुरुवार शाम विशेष सुनवाई की और शुक्रवार शाम 4 बजे अपना फैसला सुनाते हुए सिंगल जज के आदेश को रद्द कर दिया।
रिलीज के दिन मचा हाई-वोल्टेज ड्रामा
शुक्रवार को फिल्म की रिलीज के दिन ही कोर्ट का फैसला आने से पहले काफी अफरा-तफरी का माहौल था।
-
टिकट रिफंड: स्टे के कारण सुबह कई सिनेमाघरों ने शो रद्द कर दिए थे और एडवांस बुकिंग के पैसे वापस किए जा रहे थे।
-
सस्पेंस खत्म: दोपहर बाद कोर्ट का फैसला आते ही मेकर्स और सिनेमाघर मालिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अब शाम के शो से फिल्म के प्रदर्शन की तैयारी फिर से शुरू कर दी गई है।
क्यों हो रहा था विरोध?
फिल्म के खिलाफ दायर याचिकाओं में आरोप लगाया गया था कि फिल्म केरल की छवि को गलत तरीके से पेश करती है और इसमें ऐसी सामग्री है जो सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ सकती है। हालांकि, सेंसर बोर्ड ने पहले ही फिल्म में 16 कट्स लगाकर इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया था। अब हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने भी इसे हरी झंडी दे दी है।

admin 









