माता कौशल्या महोत्सव 2026 का मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया शुभारंभ

माता कौशल्या महोत्सव 2026 का मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया शुभारंभ

भगवान श्री राम हम सबके आराध्य, छत्तीसगढ़ सरकार उनके बताए मार्ग पर चल रही है – गुरु खुशवंत साहेब

महिला सशक्तिकरण को समर्पित माता कौशल्या महोत्सव 2026

रायपुर। जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत चंदखुरी ग्राम में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का शुभारंभ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मानस मंडली एवं सुप्रसिद्ध कलाकार पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह महोत्सव मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “महतारी वंदन योजना” की 25वीं किस्त जारी कर महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या में 500 वर्षों बाद भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। भगवान श्री राम हम सबके आराध्य हैं और छत्तीसगढ़ सरकार उनके बताए मार्ग पर कार्य कर रही है।

गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि “रामलला दर्शन योजना” के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही महिला आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और किसानों के हित में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस महोत्सव को और अधिक भव्य बनाया जाएगा। नवा रायपुर में फिल्म सिटी, मेडिसिटी सहित विभिन्न विकास कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।

माता कौशल्या महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और पहचान को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन श्रद्धा और संस्कृति के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान करते हैं और प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाते हैं।

संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि यह महोत्सव महिला सशक्तिकरण को समर्पित है। महोत्सव में महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉल लगाए गए हैं, जो स्व-रोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाओं को लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा मोना सेन, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।