एक रुपए में ऑडियो व पांच रुपए में वीडियो कॉल कर सकेंगे कैदी : प्रदेश की 33 जेलों में शुरू होगी सुविधा
अधिवक्ता-रिश्तेदारों से कर सकेंगे बात
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश की जेल व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब राज्य के सभी 33 जेलों में बंदियों को उनके परिजनों और वकीलों से वीडियो और ऑडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करने की सुविधा मिलेगी।
इस नई व्यवस्था के तहत बंदी अब जेल में रहते हुए भी अपने रिश्तेदारों और अधिवक्ताओं से सीधे संपर्क कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और संवाद दोनों में सुधार होगा। नई व्यवस्था के अनुसार एक कॉल की अधिकतम अवधि पांच मिनट होगी। समय पूरा होते ही कॉल स्वत: कट जाएगी। जेल प्रशासन ने कॉलिंग के लिए शुल्क भी तय किया है, जिसमें ऑडियो कॉल: एक रुपये प्रति मिनट, वीडियो कॉल पांच रुपये प्रति मिनट। इस सुविधा के संचालन के लिए बीएसएनएल के साथ एमओयू किया गया है। शुरुआत पहले चरण में बड़े जेलों से की जाएगी, जिसके बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। बंदियों को यह सुविधा सप्ताह में एक बार दी जाएगी। इससे जेलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और बंदियों को मानसिक रूप से भी राहत मिलेगी।
जेल विभाग में वर्तमान में 17 जेलों में ऑडियो प्रिजन कॉलिंग सिस्टम स्थापित हैं। बंदियों की संख्या के परिप्रेक्ष्य में ऑडियो प्रिजन कॉलिंग सिस्टम की संख्या बढ़ाया जाना आवश्यक है। वर्तमान में किसी भी जेल में वीडियो प्रिजन कॉलिंग सिस्टम स्थापित नहीं है। प्रिजन कॉलिंग सिस्टम के माध्यम से जेलों में परिरूद्ध बंदी अपने परिजनों तथा अधिवक्ताओं से बात कर सकते हैं। प्रिजन कॉलिंग सिस्टम स्थापित करने से बंदियों के परिवारजनों को जेल तक आने जाने के समय तथा खर्चें में बचत होगी।

admin 





