जगदलपुर में भाजपा के संजय पाण्डेय से भिड़ेंगे कांग्रेस के मलकीत सिंह
जगदलपुर (चैनल इंडिया)। बड़े इंतजार के बाद भाजपा और कांग्रेस से अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। सबसे पहले भाजपा ने जगदलपुर के 48 वार्डों के पार्षदों के नाम घोषित कर दिए थे। फिर कुछ घंटों बाद भाजपा के महापौर प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया गया। भाजपा के प्रत्याशी होंगे संजय पाण्डेय।
दिन भर प्रत्याशी को लेकर पैच फंसा हुआ था। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलेट के आने से परिस्थिति पलट गई। कांग्रेस की तरफ से जारी सूची में जगदलपुर में महापौर पद के प्रत्याशी के रूप में मलकीत सिंह गैंदू का नाम घोषिथ किया गया। इसकी पहली सूचना शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य के पास आई। जगदलपुर के सबसे बड़े चर्चित चेहरों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकित सिंह गैदू का नाम शामिल हैं जो कि कई मौकों पर टिकट से चूके हैं। वर्ष 2014 में पिछड़े वर्ग का टिकट होने के बावजूद दस्तावेज नहीं होने के कारण चुनाव नहीं लड़ पाए थे और 2018 में विधानसभा
चुनाव फिर 2019 में महापौर महिला के लिए आरक्षित होने से वंचित रह गये थे। 2023 के चुनाव में फिर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से चूक गए थे। दूसरी तरफ भाजपा से महापौर पद के प्रत्याशी संजय पाण्डेय पिछले दस साल से लगातार पार्षद हैं। पिछले कार्यकाल में वे नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भी थे। तेज-तर्रार राजनीति करने वाले संजय पाण्डेय को मंत्री केदार कश्यप का करीबी माना जाता है। हालांकि महापौर पद के लिए भाजपा में आधा दर्जन से अधिक दावेदार थे परंतु चयन समिति ने नगर निगम की राजनीति मे खासी दखल रखने वाले संजय पाण्डेय पर मुहर लगाई।