कांग्रेस ने गैंदलाल सिन्हा को बनाया अध्यक्ष पद का प्रत्याशी, भाजपा से रिखिराम यादव देंगे टक्कर

कांग्रेस ने गैंदलाल सिन्हा को बनाया अध्यक्ष पद का प्रत्याशी, भाजपा से रिखिराम यादव देंगे टक्कर

गरियाबंद से विजय साहू की रिपोर्ट

गरियाबंद। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने लंबी चर्चा और सस्पेंस के बाद देर रात अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी। कांग्रेस ने गैंदलाल सिन्हा को नगर पालिका गरियाबंद अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। अब चुनाव में केवल 15 दिन शेष हैं और दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर की संभावना जताई जा रही है। गैंदलाल सिन्हा गरियाबंद के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं और सिन्हा समाज से आते हैं। वे लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और समाजसेवा में भी सक्रिय हैं। साथ ही, वे समाज के मंडलेश्वर पद पर भी कार्यरत हैं। दूसरी ओर, भाजपा ने पिछले 24 घंटे में अपने उम्मीदवार में बदलाव किया है। पहले भाजपा ने अधिवक्ता प्रशांत मानिकपुरी को प्रत्याशी बनाया था लेकिन बाद में रिखिराम यादव को टिकट दे दिया गया।
गैंद लाल सिन्हा ने कहा पार्टी ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊँगा। जनता की सेवा और नगर के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहूँगा। यह चुनाव सिर्फ एक पद के लिए नहीं, बल्कि गरियाबंद के उज्ज्वल भविष्य के लिए है।

जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा तिरंगा चौक रिखी राम यादव के टिकट पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

जैसे ही भाजपा ने रिखी राम यादव को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तिरंगा चौक पर जय श्री राम के गगनभेदी नारों के बीच ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर आतिशबाजी हुई, मिठाइयाँ बांटी गईं और पूरे नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। महज 24 घंटे के भीतर हुए इस टिकट परिवर्तन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर जारी है।

भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी : सांसद संतोष पाण्डेय

सांसद संतोष पांडेय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ रही है। कार्यकर्ताओं का जोश बता रहा है कि इस बार हम बड़ी संख्या में जीत दर्ज करेंगे।

रिखी भैया को जनता का पूरा आशीर्वाद मिलेगा : पूर्व अध्यक्ष गफ्फू मेमन

पूर्व पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने कहा रिखी भैया जब पहली बार चुनाव लड़े थे, तब भी जनता ने उन्हें अच्छे मतों से विजयी बनाया था। हमने पांच साल मिलकर शहर के विकास के लिए काम किया और अब इस कार्य को और आगे बढ़ाएंगे। पहले हमारे राज्य में सरकार नहीं थी, लेकिन अब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है, जिससे विकास कार्यों की गति दोगुनी होगी। नगर में एक बार फिर कमल खिलेगा।”

हर वार्ड में खिलेगा कमल : रिखी यादव

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रिखी राम यादव ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सपनों को साकार करने के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे। जनता का भरपूर समर्थन हमें मिल रहा है, और इस बार पूरे नगर में कमल का फूल खिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है। दोनों ही युवा प्रत्याशी हैं, और मुकाबला कड़ा होने की पूरी संभावना है।

सियासी समीकरण हुए दिलचस्प

कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर यह साफ कर दिया है कि वह पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। अब देखना होगा कि जनता किसे समर्थन देती है और नगर पंचायतों की सत्ता किसके हाथ में जाएगी। क्या कांग्रेस अपने मजबूत किले को बचा पाएगी, या भाजपा इस बार नई रणनीति से बाजी पलटेगी आने वाले दिन चुनावी गहमागहमी से भरपूर होंगे ।


कांग्रेस ने किया गरियाबंद जिले के नगर पंचायतों से घोषित प्रत्याशी

• नगर पंचायत राजिम – पवन सोनकर
• नगर पंचायत फिंगेश्वर – राजेंद्र सूर्यवंशी
• नगर पंचायत देवभोग – राजेश तिवारी
• नगर पंचायत कोपरा – नंद कुमार साहू
• नगर पंचायत छुरा – महेश्वरी शाह