महाकुंभ में मची "भगदड़", अब तक 10 लोगों की मौत आशंका, अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश स्थित प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन में बुधवार रात मची भगदड़ में 10 लोगों के मौत की सूचना है। अस्पताल के अधिकारियों ने यह दावा किया है। हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले महाकुंभ में भगदड़ की खबरों पर विशेष कार्याधिकारी आकांक्षा राणा ने कहा था- 'संगम रूट पर कुछ बैरियर टूटने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है। यह कोई गंभीर स्थिति नहीं है।'
उधर, अखाड़ों का अमृत स्नान आज रद्द कर दिया गया है। सभी अखाड़ों के संतों और महंतों ने आम लोगों के साथ स्नान किया। आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने कहा, 'मौनी अमावस्या का स्नान चल रहा है। आज मैं संगम घाट पर नहीं गया क्योंकि वहां भीड़ बहुत ज़्यादा है। पूरी गंगा और यमुना की धारा में 'अमृत' बह रहा है। अगर आप कहीं भी गंगा या यमुना में स्नान करेंगे तो 'अमृत' आपको प्राप्त होगा। ये आवश्यक नहीं है कि संगम में ही आपको डुबकी लगानी है।'
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने कहा, 'जो घटना हुई उससे हम बहुत दुखी हैं। हमारे साथ हजारों श्रद्धालु थे। जनहित में हमने फैसला किया कि अखाड़े आज स्नान में भाग नहीं लेंगे। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे आज के बजाय वसंत पंचमी पर स्नान के लिए आएं। यह घटना इसलिए हुई क्योंकि श्रद्धालु संगम घाट पहुंचना चाहते थे, इसके बजाय उन्हें जहां भी पवित्र गंगा दिखे, वहीं डुबकी लगा लेनी चाहिए।'
इसके अलावा निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज का बयान हम सब आज स्नान नहीं करेंगे ,उसको ध्यान में रखते हुए स्नान को रोका है ,सभी अखाड़े ने फैसला लिया आज का स्नान नहीं करेंगे ,बसंत पंचमी को स्नान करेंगे।