जांजगीर-चांपा (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकाल के दो साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘जनदेश परब’ कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झीरम घाटी नक्सल हमले में कांग्रेस के लोगों ने ही कांग्रेसियों को मरवाने का काम किया है।
जनता को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि मुझे याद है कि मैं जब छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी था, उस समय झीरम घाटी नक्सल कांड हुआ था। झीरम घाटी की घटना देखी है। झीरम घाटी कांड की जानकारी उनके बीच के लोगों को थी। नक्सल हमले में कांग्रेस के लोगों ने ही कांग्रेसियों को मरवाने का काम किया है। नक्सलियों के साथ कांग्रेस की दोस्ती रही है। नड्डा ने कांग्रेस पर नक्सलियों से सांठगाठ का आरोप लगाते हुए कहा, झीरम घाटी कांड में कोई और नहीं उनके ही लोग मुखबिरी कर रहे थे। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो क्या होगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने नक्सलियों से देश को मुक्त करने का अभियान शुरू कर दिया है। मार्च 26 तक नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय की सरकार ने शानदार दो साल पूरे किए हैं, इसके लिए बहुत-बहुत बधाई। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में आतंक था, भ्रष्टाचार था, जो वादे किए वो निभाए नहीं, नक्सलवाद के साथ समझौतावाद था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा, वह किया है और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिया है। इसलिए हम छाती ठोंककर बोलते हैं कि हमने दो साल में सभी वादे पूरे किए है।
छत्तीसगढ़ को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित बनाएंगे : सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ की वर्तमान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार आम जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, चरण पादुका सहित अनेक योजनाओं से विकास को गति मिली है। मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद की कमर तोडऩे और नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में ठोस प्रगति हुई है। सुरक्षा, पुनर्वास और विकास, तीनों मोर्चों पर समन्वित रणनीति से शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट 2047 के माध्यम से संसाधन-समृद्ध छत्तीसगढ़ को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने का रोडमैप तय किया गया है, ताकि आने वाली पीढिय़ों को अवसरों का राज्य मिल सके।