बस्तर का विकास भाजपा का संकल्प, मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और सीएम का माना आभार

बस्तर का विकास भाजपा का संकल्प, मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और सीएम का माना आभार

रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि बस्तर का विकास भाजपा का संकल्प है। भारतीय जनता पार्टी डबल इंजन की सरकार में गढ़चिरौली और बचेली के मध्य रेल सुविधा का विस्तार कर रही है। निश्चित ही भारत सरकार की यह परियोजना बस्तर के विकास को नई दिशा प्रदान करेगी। मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आभार व्यक्त किया है। 

विदित हो कि छत्तीसगढ़ में दो नई रेल लाइन परियोजनाओं के अंतिम सर्वे और डीपीआर निर्माण की स्वीकृति मिली है। इससे छत्तीसगढ़ का रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और अधिक मजबूत होगा। रेल मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत 16 करोड़ 75 लाख रुपए लागत की कुल 670 किलोमीटर लंबी 2 नई रेल लाइन परियोजनाओं के अंतिम सर्वे और डीपीआर निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इन दो रेल लाइन परियोजनाओं में से गढ़चिरौली से बीजापुर होते हुए बचेली तक 490 किलोमीटर की नई रेल लाइन के सर्वे को मिली स्वीकृति बस्तर के सर्वसमावेशी विकास की गति को कई गुना बढ़ाने वाली है। इसके सर्वे के लिए रेल मंत्रालय ने 12 करोड़ 25 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इससे बस्तर के सुदूर अंचल के लोग उच्च शिक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और अपने उत्पादों की बिक्री के लिए रेलमार्ग से सीधे शहर से जुड़ेंगे। समूचा बस्तर क्षेत्र विकास के उच्च आयामों को छुएगा।

इसी तरह कोरबा से अंबिकापुर तक 180 किलोमीटर की नई रेल लाइन के सर्वे को मिली स्वीकृति कोरबा और सरगुजा के सर्वसमावेशी विकास की गति को कई गुना बढ़ाने वाली है। इसके सर्वे के लिए रेल मंत्रालय ने 4 करोड़ 50 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं।