आरंग: नेशनल हाईवे-53 पर तेज रफ्तार का कहर, खंभे से टकराई कार, 3 दोस्तों की मौके पर मौत
आरंग (रायपुर)। छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पारागांव के पास एक तेज रफ्तार टाटा विस्ता कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, कार (CG 04 HD 2156) में सवार चार युवक महासमुंद से एक रिश्तेदार को छोड़कर वापस आरंग लौट रहे थे। पारागांव के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज गति के कारण कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक:
-
हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष): निवासी सरागांव (छुरा), हाल पता आरंग।
-
राहुल देवांगन (20 वर्ष): निवासी सरागांव (छुरा)।
-
थानू सतनामी (22 वर्ष): निवासी ओड़का, आरंग।
गंभीर घायल: हादसे में मिथलेश धीवर (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे का शिकार हुए सभी युवक 20 से 23 साल की उम्र के थे। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। आरंग क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह 'तेज रफ्तार' नजर आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

admin 









