CGPSC Prelims 2025: कल होगी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, भूलकर भी न करें ये गलतियां, आयोग ने जारी की सख्त गाइडलाइंस
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन कल, 22 फरवरी (रविवार) को किया जाएगा। प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के जरिए 265 पदों पर भर्ती की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने ड्रेस कोड और प्रवेश नियमों को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा का समय और शिफ्ट:
यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी:
-
प्रथम पाली (सामान्य अध्ययन): सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक। (प्रवेश द्वार 9:45 AM पर बंद हो जाएगा)।
-
द्वितीय पाली (एप्टीट्यूड टेस्ट): दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक। (प्रवेश द्वार 2:45 PM पर बंद हो जाएगा)।
नोट: गेट बंद होने के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले पहुँचना अनिवार्य है।
ड्रेस कोड का रखें खास ध्यान (क्या पहनें और क्या नहीं):
आयोग ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया है:
-
कपड़े: केवल हल्के रंग के, आधी बांह वाले कपड़े पहनें। गहरे रंग (काला, नीला, गहरा हरा, मैरून आदि) के कपड़े वर्जित हैं। कार्गो या डिजाइनर कपड़े न पहनें।
-
जूते-चप्पल: जूते या मोटी सोल/ऊँची हील वाले सैंडल की अनुमति नहीं है। अभ्यर्थी केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहन सकेंगे।
-
आभूषण: किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित है। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है। धार्मिक प्रतीकों को छोड़कर अन्य गहने उतारने होंगे।
-
घड़ी: मैकेनिकल या स्मार्ट वॉच पूरी तरह प्रतिबंधित है।
तलाशी और सुरक्षा:
परीक्षा केंद्र पर मैनुअल और मेटल डिटेक्टर से गहन तलाशी (Frisking) ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ली जाएगी। अनुशासनहीनता या नकल करते पकड़े जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ में क्या ले जा सकते हैं?
अभ्यर्थी अपने साथ केवल निम्नलिखित वस्तुएं रख सकेंगे:
-
मूल पहचान पत्र: (आधार कार्ड/ई-आधार, मतदाता पत्र, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस)।
-
प्रवेश पत्र: ऑनलाइन एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट।
-
पेन: केवल काले या नीले रंग का बॉलपॉइंट पेन।
-
पानी: लेबल रहित पारदर्शी बोतल।
-
चश्मा: केवल नजर का चश्मा (डिजिटल ग्लास या गॉगल्स वर्जित हैं)।

admin 









