जहां फोन की दिक्कत वहां फॉर्म से भी दी जाएगी भाजपा की सदस्यता : अरूण सिंह

जहां फोन की दिक्कत वहां फॉर्म से भी दी जाएगी भाजपा की सदस्यता : अरूण सिंह

मिस कॉल,नमो एप और स्कैनर ले सकेंगे भाजपा की सदस्यता

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी सदस्यता अभियान के परिप्रेक्ष्य में मंगलवार को यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक/कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने उपस्थित पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। 

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि यह संगठन पर्व की शुरुआत है और इसमें पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाना  है। आज हमारे लिए वातावरण अनुकूल है। देश में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्रित्व में तीसरी बार सरकार बनी है और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है। पिछली सदस्यता समाप्त हो गई है,अब फिर से सभी को सदस्य बनाकर,भारत के विकसित देश बनने की यात्रा में सहभागी बनाना है।  देश की आजादी के बाद जो नीतियां थीं, वह देश के अनुकूल नहीं थी। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी  कश्मीर के मुद्दे पर शहीद हो गए। यह ध्यान रखें कि जनसंघ का गठन जिस भाव से हुआ वह सभी के बीच पहुंचे।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सिंह ने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ताओं की तपस्या और त्याग के बल पर ही सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हमने कभी विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं किया। धारा 370 खत्म करके , लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हमने अपनी इसी वैचारिक प्रतिबध्दता का परिचय दिया है। एक पर्व की तरह हम इस सदस्यता अभियान को मनाएं। सिंह ने 2014, 2019 से लेकर अब तक के सदस्यता अभियान की जानकारी देकर बताया कि पार्टी की सदस्यता ऑनलाइन इस बार भी होगी। सदस्यता के लिए जाते समय साहित्य के साथ सरकार की उपलब्धियां बताना है और पार्टी के उत्कृष्ट चाल, चरित्र, चेहरे के बारे में भी बताएं। ऑनलाइन सदस्यता के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए सिंह ने कहा कि जिन सदस्यों के पास स्मार्ट फोन नहीं है, वे मिस्ड कॉल करेंगे। इसके बाद उनके पास लिंक आएगा जिसे अन्य सदस्य के स्मार्ट फोन पर भेजकर  सदस्यता ले सकेंगे। सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए 31 अगस्त तक बूथ स्तर पर बैठकें करनी है। सदस्यता के विभिन्न चरणों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सदस्यता विस्तारक अब सदस्यता सहयोगी होंगे। सभी बूथों पर सांसदों, विधायकों, जि.पं. अध्यक्षों, महापौरों को भी लक्ष्य दिए जाएंगे और सभी बूथ स्तर तक जाएंगे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 100 विशिष्ट जनों को सदस्य बनाना है। अटलजी के जन्म शताब्दी वर्ष के निमित्त 20 सदस्य बनाना है। इसके बाद सक्रिय सदस्यता के लिए काम होगा। सक्रिय सदस्य के संबंध में प्रदेश और जिला अध्यक्ष निर्णय लेंगे।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने कहा कि सभी पार्टी कार्यालयों में ‘सदस्यता अभियान संगठन पर्व’ की जानकारी अलग अलग माध्यमों से दे, सोशल मीडिया में पोस्ट करें, इससे वातावरण बनेगा तो सदस्य संख्या में अप्रत्याशित वृध्दि होगी। इस संबंध में किसी भी बिन्दु पर केन्द्रीय कार्यालय में हेल्प सेंटर से संपर्क कर मार्गदर्शन ले सकेंगे। श्री सिंह ने कहा कि सदस्यता मिस कॉल, नमो एप और क्यूआर कोड से ली जाएगी। इसमें अपना पूरा लोकेशन और पता अवश्य देना होगा। जिन क्षेत्रों में नेटवर्क बिल्कुल नही है, वहां प्रादेशिक टीम सुनिश्चित करेगी कि वहां पेपर सदस्यता ही स्वीकार होगी।