लायंस क्लब हमेशा से मानवता की सेवा में अग्रणी : तिलोकचंद बरड़िया
समाज कल्याण और सेवा का संगम : विमतारा में धूमधाम से मना लायंस सेवा दिवस
लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी ' रीजन-5 द्वारा आयोजित अधीराव्या' का भव्य आयोजन
रायपुर। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी द्वारा आयोजित एक भव्य सेवा समारोह 22 फरवरी को विमतारा, शांति नगर, रायपुर में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे पुलिस बैंड -स्टाइल वेलकम, रजिस्ट्रेशन, बैनर प्रेजेंटेशन, परेड और रिफ्रेशमेंट के साथ शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लायंस मेंबर्स और रायपुर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
लायन डी. आर. वाधवानी की अध्यक्षता में भव्य समारोह का आयोजन संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि पीएमजेएफ लायन तिलोकचंद बरड़िया (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) रहे,जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्माउपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में एम.जे.एफ. लायन रिपुदमन सिंह पुसरी (प्रथम उप डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) एवं लायन मनहर शाह (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि लायन तिलोकचंद बरड़िया ने अपने उद्बोधन में समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लायन क्लब हमेशा से मानवता की सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने सदस्यों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया, एवं उन्होंने रीजन-5 के अंतर्गत आने वाले सभी क्लबों की सक्रियता और उनके प्रयासों की सराहना कर सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
विशिष्ट अतिथि वर्णिका शर्मा ने बाल अधिकारों और बाल कल्याण के क्षेत्र में लायंस क्लब की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि "लियो का सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों का संरक्षण एक स्वस्थ समाज की नींव है, और ऐसे संगठनों का योगदान इस दिशा में अत्यंत सराहनीय है।" उनके उद्बोधन ने समाज कल्याण के प्रति उपस्थित सभी सदस्यों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दोपहर बाद आयोजित अवार्ड-सम्मान सत्र रहा, जिसमें रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं। इस सत्र के दौरान:
• 23 लायंस कपल्स ने शानदार रैंप वॉक किया, जिसका नेतृत्व लायन रिपुदमन सिंह पुसरी और लायन पिपन्दर कौर पुसरी ने किया।
• 75 साल से ज़्यादा उम्र के 22 सीनियर लायंस मेंबर्स को उनकी दीर्घ सेवा के लिए सम्मानित किया गया, जिसका नेतृत्व लायन टी.एस. जब्बल एवं लायन प्रीति पाण्डेय ने किया।
• इसके अलावा, अलग-अलग कैटेगरी में उत्कृष्ट सेवा के लिए क्लबों एवं व्यक्तिगत सदस्यों को पुरस्कारों से नवाजा गया। विमतारा ग्राउंड्स में एक लायंस परेड और बैनर प्रेजेंटेशन भी हुआ, जिसमें तीन शानदार प्रेजेंटेशन को पुरस्कृत किया गया।
सभी सदस्यों ने अलग-अलग कॉस्ट्यूम पहनकर और समाज सुधार के स्लोगन और सेवा के कामों वाले रंगीन प्लेकार्ड लेकर लायंस परेड में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। लंच और शाम की हाई टी ने फेलोशिप को और गहरा कर दिया।
यह आयोजन लायन सीमा युना, लायन अनिल पटेरिया और लायन सुनील छाबडिया के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इन सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। इस भव्य आयोजन में सेवा, एकता और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

admin 









