मानसून की एंट्री के बावजूद बारिश कम, अब सताएगी गर्मी

मानसून की एंट्री के बावजूद बारिश कम, अब सताएगी गर्मी
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 29 मई को कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम भाग पर बने गहन अवदाब के प्रभाव के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान विभिन्न इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा 50-60 किमी की रफ्तार से चलने और भारी बारिश की संभावनाएं जताई गई है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने बताया कि आज से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधि में कमी आने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि हो सकती है।
एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व राजस्थान से लेकर उत्तर-मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए पश्चिम बंगाल बांग्लादेश तटों के पास उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहन अवदाब के केंद्र तक समुद्र तल से 0.9 की ऊपर बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के एक दो जगह पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई अहल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पूरी, सेंडहेड द्वीप और बालुरघाट से होकर गुजर रही है।
आज राजधानी रायपुर में मौसम साफ  रहने की संभावना है। वहीं शाम होते ही मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां गरज चमक के साथ हल्की मध्यम बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटे में कुछ जगहों पर हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई है। प्रदेश में एक बार फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। गुरुवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
बिजली गिरने से एक की मौत, आठ घायल
गुरुवार को दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से बलौदा बाजार तहसील के ग्राम पहंदा में पुराना आंगनबाड़ी भवन के पास खड़े एक युवक की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बलौदाबाजार में ग्राम पहंदा में दोपहर को बारिश शुरू हो गई। इस दौरान पुराना आंगनबाड़ी भवन के पास बारिश से बचने के लिए प्रतीक कोसले एवं 8 अन्य रुके हुए थे। बिजली गिरने की वजह से प्रतीक कोसले उम्र 26 साल निवासी ग्राम पहंदा की मृत्यु हो गई। सीएमएचओ डॉक्टर राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि भर्ती 8 लोगों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति सामान्य है।