विमान में था सवा लाख लीटर ईंधन,ब्लास्ट के बाद तापमान इतना अधिक था कि यात्रियों को बचाने का मौका नहीं मिला : अमित शाह

विमान में था सवा लाख लीटर ईंधन,ब्लास्ट के बाद तापमान इतना अधिक था कि यात्रियों को बचाने का मौका नहीं मिला : अमित शाह

जितने परिजन आ गए उनका होगी डीएनए जांच,विदेश में रहने वालों को किया गया सूचित

अहमदाबाद। अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने राहत-बचाव की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में पहुंच कर घायलों और एअर इंडिया विमान हादसे में एकमात्र जीवित शख्स से भी मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू और गुजरात के मुख्यमंत्री और तमाम शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की और पूरे हादसे व राहत-बचाव कार्य की जानकारी भी ली।

मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस हादसे पूरा देश क्षुब्ध है, घटना के दौरान तापमान अधिक होने के कारण किसी को भी बचाने की कोई संभावना नहीं थी। दोपहर एअर इंडिया की विमान संख्या AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई। कई यात्रियों के हताहत होने की संभावनाएं हैं। इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है। पूरा देश परिवारों के साथ खड़ा है। सबसे पहले मैं भारत सरकार, गुजरात सरकार, प्रधानमंत्री की ओर से हताहत हुए लोगों को प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। 10 मिनट में ही भारत सरकार के पास सूचना पहुंच गई। तुरंत ही मैंने सभी से संपर्क किया। प्रधानमंत्री का भी फोन आया। भारत सरकार और गुजरात सरकार के सभी विभाग एक साथ होकर राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।'

अमित शाह ने कहा कि  विमान में देश और विदेश के कुल 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से एक यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आंकड़ा डीएनए परीक्षण और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा। घटना के तुरंत बार गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयों को अलर्ट करते हुए मिलकर राहत बचाव का कार्य चालू किया।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने बताया कि घटना के दौरान विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था, ब्लास्ट के बाद तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। सभी यात्रियों के शव को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जितने यात्रियों के परिजन पहुंच गए हैं उनका डीएनए लेने का काम भी 2-3 घंटे में पूरा हो जाएगा। जिनके परिजन विदेश में हैं उनको सूचित कर दिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्री ने जांच तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा देश के लिए एक बहुत बड़ा दुखद क्षण है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर हर संभव मदद कर रही हैं।