समग्र विकास, सशक्त युवा और स्वस्थ प्रदेश की ओर ऐतिहासिक कदम बजट संकल्प : योगेश साहू
रायपुर। भाजयुमो नेता योगेश साहू (शोधार्थी एवं पॉलिटिकल ऑब्जर्वर) ने बजट संकल्प का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 का 1.72 लाख करोड़ का बजट प्रदेश के समग्र, संतुलित और दूरदर्शी विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि प्रदेश को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और अधोसंरचना के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प है।
बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हेतु भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए ब्याज-मुक्त ऋण, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन तथा कृषि पंपों के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं, जिससे गांवों की आय और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। उद्योग एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्टार्ट-अप प्रोत्साहन और कौशल विकास कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में दूरस्थ और जनजातीय अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से नए कॉलेज भवन, तकनीकी संस्थानों का विस्तार, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक में निवेश तथा उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना का प्रावधान प्रदेश को ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर करेगा। इससे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल संवर्धन और आधुनिक तकनीकी शिक्षा को नई गति मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट, तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य ढांचे को विस्तार देने की पहल प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का मजबूत प्रयास है। ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार से चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।
महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत मातृ-शिशु कल्याण, आंगनबाड़ी सेवाओं तथा बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने वाली योजनाओं के लिए उल्लेखनीय राशि का प्रावधान किया गया है। यह निर्णय नारी सम्मान और सामाजिक संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को राज्य स्तर पर साकार करने का प्रयास है। विकास की यह रूपरेखा स्पष्ट करती है कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

admin 









