साय सरकार का 'संकल्प' बजट महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को समर्पित : तिलोकचंद बरड़िया

साय सरकार का 'संकल्प' बजट महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को समर्पित : तिलोकचंद बरड़िया

पारंपरिक व्यवसायों के संरक्षण की दिशा में सरकार के कदम सराहनीय

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के 'संकल्प' बजट का जैन समाज एवं सराफा व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारियों ने स्वागत किया है। जेआईटीओ (जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन) रायपुर चैप्टर के चेयरमैन एवं एटी ज्वेलर्स के संचालक तिलोकचंद बरड़िया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में पेश किए गए बजट को समाज के हर वर्ग के लिए "संकल्प" से भरा हुआ बताया है।

तिलोकचंद बरड़िया ने विशेष रूप से रानी दुर्गावती योजना की सराहना की, जिसके तहत बालिकाओं के 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर डेढ़ लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "यह योजना न केवल बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करेगी, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देगी। जैन समाज हमेशा से बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए कार्यरत है और सरकार का यह कदम हमारे समाज के मूल्यों के अनुरूप है।"

हसराफा व्यवसाय के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने प्रमुख मांगों दोहराया

जीएसटी दरों में कमी: आभूषण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए जीएसटी दरों को 3% से घटाकर 1.5% करने की मांग पुरजोर तरीके से रखी गई है। इससे पारंपरिक सुनारों और छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

हॉलमार्किंग से बढ़ेगा ग्राहकों का भरोसा: बरड़िया ने हॉलमार्किंग की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर देते हुए कहा, "हॉलमार्किंग शुद्धता की गारंटी है और हम इसका स्वागत करते हैं। यदि राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय कर छोटे शहरों में हॉलमार्किंग केंद्रों (AHC) की संख्या बढ़ाती है, तो इससे छोटे ज्वैलर्स को शुद्धता प्रमाणित करने में आसानी होगी। इससे न केवल व्यापार में पारदर्शिता आएगी, बल्कि आम जनता को भी बिना किसी दुविधा के 100% शुद्ध आभूषण मिल सकेंगे।"

सराफा एवं व्यापारिक दृष्टिकोण: बजट में कानून-व्यवस्था और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिए जाने से सराफा जैसे संवेदनशील व्यापार के लिए सुरक्षित वातावरण निर्मित होगा। रायपुर में नए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से व्यापारिक आवाजाही सुगम होगी।

सुरक्षा व्यवस्था: बढ़ते डिजिटल ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए, ज्वेलरी व्यवसायियों के लिए साइबर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि प्रदेश में बनने वाले 23 नए औद्योगिक पार्कों में कुटीर एवं लघु उद्योगों के लिए विशेष जोन बनाए जाएंगे, जिससे पारंपरिक हस्तशिल्प एवं ज्वेलरी निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना को भी सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे महिला उद्यमियों को नई दिशा मिलेगी।